किसानों को उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाने और वास्तविक जरूरतमंदों तक खाद पहुंचाने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी है। अब एफएफएस प्रणाली के जरिए खाद के आवेदन से लेकर मंजूरी और वितरण तक की ऑनलाइन निगरानी होगी। एक ही जमीन के सर्वे नंबर पर कई किसानों के आवेदन आने पर विभाग डिजिटल जांच कराएगा और गड़बड़ी मिलने पर विवाद समाधान ऐप से आवेदनों का सत्यापन होगा। जांच में सही पाए जाने के बाद ही खाद की मंजूरी दी जाएगी।
कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल ने जिला कृषि पदाधिकारी को दो कार्यदिवस के भीतर प्रखंड और ग्राम स्तर के कृषि कर्मियों की लॉगिन आईडी तैयार करने का निर्देश दिया है। जिला कृषि पदाधिकारी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों की आईडी बनाएंगे, जबकि प्रखंड कृषि पदाधिकारी अपने अधीनस्थ कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों की लॉगिन आईडी तैयार कराएंगे। इससे गांव स्तर पर भी आवेदनों की जांच और सत्यापन की जिम्मेदारी तय होगी।
विगत दो अक्टूबर से उर्वरक बिक्री की निगरानी के लिए एफएफएस प्रणाली प्रभावी है। इसके जरिए किसान खाद के लिए क्यूआर कोड की बुकिंग कर सकेंगे और आवेदन की स्थिति तथा सत्यापन की प्रक्रिया भी ऑनलाइन देख सकेंगे। दूसरे और तीसरे स्तर पर लंबित आवेदनों को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है।
कृषि समन्वयक शिव कुमार झा ने बताया कि इस व्यवस्था से फर्जी आवेदनों पर रोक लगेगी और वास्तविक किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध हो सकेगी।
