गंगा के मैदानी इलाकों में पित्ताशय कैंसर के बढ़ते मामलों पर बैंकाक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में चर्चा हुई। आइजीआइएमएस के डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने वाले केवल पांच प्रतिशत मरीज ही ऑपरेशन के योग्य होते हैं।
पटना। गंगा के मैदानी इलाकों, खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में पित्ताशय (गॉलब्लैडर) कैंसर के मामले चिंताजनक रूप से अधिक सामने आ रहे हैं। आइजीआइएमएस के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं लिवर ट्रांसप्लांट विभागाध्यक्ष सह चिकित्साधीक्षक डॉ. मनीष मंडल ने बैंकाक में आयोजित आइसीएस-2026 एशिया पैसिफिक फेडरेशन कांग्रेस में यह मुद्दा उठाया। इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स (अमेरिका) के एशिया पैसिफिक क्षेत्र के गवर्नर डॉ. मंडल सम्मेलन में अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित एकमात्र भारतीय चिकित्सक थे।
उन्होंने 'पित्ताशय कैंसर: शल्य चिकित्सा प्रबंधन में भारतीय अनुभव' विषय पर व्याख्यान दिया। डॉ. मंडल के अनुसार, अस्पताल में पहली बार पहुंचने वाले पित्ताशय कैंसर के मरीजों में केवल करीब पांच प्रतिशत ही सर्जरी के योग्य होते हैं। अधिकांश मरीजों की बीमारी इतनी आगे बढ़ चुकी होती है कि ऑपरेशन संभव नहीं रह जाता। शुरुआती दौर में पेट में हल्का दर्द और असहजता जैसे लक्षण दिखते हैं, जिन्हें कई मरीज सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। बीमारी बढ़ने पर पीलिया जैसे लक्षण भी सामने आने लगते हैं।
डॉ. मंडल ने डब्ल्यूएचओ के 2024 के अध्ययन का हवाला देते हुए बताया कि भूजल में उर्वरकों के अंश, पर्यावरण में आर्सेनिक और अन्य भारी धातुओं की मौजूदगी, पित्त की पथरी, लंबे समय तक रहने वाली सूजन तथा खानपान और जीवनशैली से जुड़े कारक इसके जोखिम से जुड़े हैं। उन्होंने जागरूकता और शोध की आवश्यकता पर जोर दिया। सम्मेलन में उन्होंने चीन, जापान, ताइवान, फिलीपींस, हांगकांग, सिंगापुर और मलेशिया सहित कई देशों के विशेषज्ञों को बिहार आने का निमंत्रण दिया।
बिहार स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के कुलपति सह आइजीआइएमएस के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार और उप निदेशक प्रशासन सह प्रवक्ता डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने डॉ. मंडल को बधाई दी। उन्होंने बिहार स्वास्थ्य विश्वविद्यालय और एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआइ) के बीच सहयोग बढ़ाने तथा दूसरे देशों के चिकित्सा विश्वविद्यालयों से शैक्षणिक साझेदारी और छात्र विनिमय कार्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया।
