पटना। बिहार में पछुआ हवाओं के कारण मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में हवा की गति तेज हो सकती है।

शुक्रवार को पटना समेत 19 जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कैमूर में 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ। गया जिले में 800 मीटर की दृश्यता रही। पटना और आसपास के इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन में धूप के कारण मौसम सामान्य बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार एक सप्ताह बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से धुंध बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड में वृद्धि की संभावना है।