जयपुर के भट्टा बस्ती पुलिस थाना क्षेत्र में एक घर में मां और पुत्री के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद बढ़ता देख पुत्र ने मां और बहन की हत्या कर दी और उसके बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। तीनों की मौत की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मिली और तीनों के शव घर के एक ही कमरे में मिले।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बजरंग सिंह ने बताया कि शवों की पहचान सरोज देवी, शिवांगी और लक्की (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मां और बेटी के विवाद से युवक ने दोनों की धारदार हथियार से हत्या कर कमरे में फांसी लगा ली।

कमरे में दीवार पर एक कागज चिपका मिला, जिसमें लिखा था कि मेरा सुसाइड नोट मोबाइल फोन में है। इसमें युवक ने खुद को मानसिक बीमार बताया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सरोज के पिता दीप तिवारी ने उसके पड़ोसी को फोन कर कहा कि वह गुरुवार से फोन रिसीव नहीं कर रही है। इस पर पड़ोसी ने घर में जाकर देखा तो तीनों शव एक कमरे में मिले।