पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में करीब एक महीने पहले हुए हमले के बाद केजी की छात्रा अब भी सदमे में है। बच्ची पर क्लासरूम में तीसरी कक्षा के एक छात्र ने लात-घूंसों और ईंट से हमला किया था। एक महीना बीतने के बाद भी बच्ची न तो गांव कुंडी में किराये के अपने घर लौटी है और न ही स्कूल गई है। वह पीरमुच्छला में अपने चाचा के घर पर रह रही है। बच्ची के पिता के मुताबिक, चेहरे के जख्म भर गए हैं, लेकिन डर अभी भी बना हुआ है। बच्ची अकेली नहीं रह सकती और पिता उसके साथ रहते हैं। घटना के बाद बच्ची को तीन बार चेकअप के लिए पीजीआई ले जाया जा चुका है। पिता का कहना है कि बच्ची अब दूसरे बच्चों के साथ खेलने लगी है, लेकिन थोड़ी देर में थक जाती है और ज्यादा चल-दौड़ नहीं पा रही।

हमले के बाद परिवार कई मुश्किलों से गुजर रहा है। बच्ची के पिता काम पर नहीं जा पा रहे हैं। बच्ची की बड़ी बहन भी स्कूल छोड़ चुकी है और परिवार से कहती है कि वह उस स्कूल में नहीं पढ़ेगी, जहां उसकी बहन के साथ मारपीट हुई थी।

बच्ची के पिता ने स्कूल प्रबंधन को लिखित में पत्र देकर मुआवजे की मांग की है। उन्होंने साफ कहा है कि वह बच्ची को इस स्कूल में नहीं पढ़ाएंगे और बच्ची तथा उसकी बड़ी बहन का दाखिला किसी प्राइवेट स्कूल में करवाएंगे।