रुद्रपुर (उधमसिंह नगर) में रेशमबाड़ी के पास सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

एसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि इस मामले में छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे लीलाधर के भांजे अनुज का दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप से बाइक की चाबी निकालने को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद विनोद अपने साथियों के साथ अनुज का पीछा करते हुए रेशमबाड़ी स्थित उसके घर पहुंच गया।

आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर को भी हमलावरों ने चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। हमले में अनुज, राहुल और राम अवतार भी घायल हुए थे।

पुलिस ने विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। इससे पहले पुलिस ने बगवाड़ा मंडी के पास से रेशमबाड़ी निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को गिरफ्तार किया था। शनिवार को शिवम चंद्रा के रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।