गंगा एक्सप्रेसवे पर बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बनेटा के पास शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे एक तेज रफ्तार वैगनआर कार आगे चल रहे ट्राले में पीछे से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ असमोली अमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कार की हालत से हादसे की भीषणता का अंदाजा लगाया जा सकता था। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया गया। जिस ट्राले में कार पीछे से घुसी थी, उसे पुलिस ने पकड़ लिया है।

घायल महिला ने अपना नाम शैलेश कुमारी बताया है और खुद को आजमगढ़ की रहने वाली बता रही है, लेकिन इससे आगे अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर भी जानकारी जुटाने में लगी है। कार का नंबर हरियाणा (एचआर) का बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के एक ही परिवार के होने की आशंका है। पुलिस उनकी पहचान के लिए पूरी तरह जुटी हुई है और पहचान होने के बाद ही उनके बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर प्रभावित यातायात को सुचारू करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान के लिए जांच कर रही है।