कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड संख्या-13 निवासी डॉक्टर पवन कुमार की शादी के महज 24 घंटे बाद मौत हो गई। पवन कुमार पटना में पदस्थापित थे और उनकी शादी 25 नवंबर को चांदपुर में हुई थी। 26 नवंबर को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। परिजनों के अनुसार, उन्हें पहले से न तो बीपी की शिकायत थी, न शुगर थी और न ही कोई अन्य बीमारी थी। वे खुद चिकित्सक थे।

रिसेप्शन समारोह सामान्य रूप से चल रहा था और कई मेहमान खाना खाकर लौट रहे थे। कार्यक्रम की समाप्ति के करीब दूल्हा-दुल्हन मंच पर आखिरी दौर का फोटोशूट करवा रहे थे। फोटोशूट खत्म होने के बाद डॉक्टर पवन अचानक मंच पर गिर पड़े, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों ने तुरंत उन्हें सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखकर पूर्णिया जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें पूर्णिया लेकर रवाना हुए, लेकिन वहां जांच में नब्ज और ईसीजी में कोई गतिविधि नहीं मिली।

मृतक के भाई श्रवण कुमार ने बताया कि फोटो खिंचवाने के बाद पवन अचानक नीचे गिर गए। परिवार ने सीपीआर दिया, उनके मुंह से खून निकला और जांच में ब्लड प्रेशर तथा नब्ज की स्थिति गंभीर थी। परिजनों को गंभीर हार्ट अटैक यानी सीवियर कार्डियक अरेस्ट की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।