पूर्वांचल की सदियों पुरानी लोकगायन परंपरा बिरहा अपनी पहचान बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। बलिया और आसपास के जिलों में इसकी विशिष्ट पहचान रही है, लेकिन बदलते समय के साथ इस लोककला के सामने अपनी पुरानी लोकप्रियता बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में 'एक जनपद-एक कला' की पहल शुरू होते ही बलिया के बिरहा कलाकारों ने इसे इस योजना में शामिल करने की मांग उठानी शुरू कर दी है। कलाकारों का कहना है कि जिस जिले की सांस्कृतिक विरासत में बिरहा की इतनी गहरी जड़ें हों, वहां इस विधा को विशेष पहचान मिलनी चाहिए। इससे पारंपरिक लोककला को संरक्षण मिलेगा और स्थानीय कलाकारों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

30 वर्षों से इस लोकगीत को सुरों में पिरोने वाले मनोज सिंह बताते हैं कि 'बिरहा' शब्द का संबंध 'विरह' यानी प्रियजन से बिछड़ने की पीड़ा से माना जाता है। इसमें पलायन और नदी के कटाव से जुड़े दर्द और लोकजीवन की सच्ची घटनाएं गहराई से जुड़ी हैं। ऐसा माना जाता है कि पशु चराते समय चरवाहों ने अपनी भावनाओं और पीड़ा को स्वर दिया, जो आगे चलकर बिरहा के रूप में लोकप्रिय हुआ। बिहारी लाल यादव को आधुनिक बिरहा गायकी का जनक माना जाता है। उनका संबंध गाजीपुर जिले से था और 1875 के समय उन्होंने गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी और आसपास के भोजपुरी भाषी क्षेत्रों में बिरहा की मजबूत परंपरा को बनाए रखा।

गांवों में होने वाले मेलों, धार्मिक आयोजनों, शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों में कभी बिरहा गायकों की प्रस्तुतियों का विशेष आकर्षण हुआ करता था। रातभर चलने वाली बिरहा की महफिलों में कलाकार अपनी गायकी, संवाद और सवाल-जवाब की शैली से श्रोताओं को बांधे रखते थे। जब बिरहा रेडियो पर बजता था तो लोग काम-काज छोड़कर इसका आनंद लेते थे। मनोज सिंह कहते हैं कि उन्हें बिरहा के मशहूर गायक एमएलसी काशीनाथ यादव से मिली प्रेरणा ने इस क्षेत्र में आने का मौका दिया और सरकार को इस विधा को जीवंत करने के लिए कदम उठाना चाहिए।

बलिया में बिरहा जगत के प्रसिद्ध गायक कोटवा नारायणपुर, नसीरपुर मठ के परशुराम यादव, राम कृपाल यादव, ओमप्रकाश यादव, कमलेश यादव और रामराज समेत अन्य कलाकारों ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। बिरहा गायक रमेश बालाजी का कहना है कि आज इस लोकविधा को बचाने की जरूरत है। यदि सरकार इसे 'एक जिला-एक कला' में शामिल करती है तो कलाकारों को मंच मिलेगा, पूर्वांचल में रोजगार के साथ परंपरा भी समृद्ध होगी और लोगों का मनोरंजन भी होगा। वह आज भी आकाशवाणी, सांस्कृतिक विभाग सहित अन्य स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं।