देहरादून। भाजपा ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव, पंचायत, लोकसभा और नगर निगम चुनावों में जनता ने पार्टी पर भरोसा जताया है और पार्टी विकास के मुद्दों तथा अपनी उपलब्धियों के आधार पर जनादेश मांगेगी।

रिपोर्ट कार्ड विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के अधिकांश वादे पूरे किए गए हैं और सरकार अपने कामों का हिसाब जनता के सामने रखने में विश्वास करती है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू होने से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 11 हजार युवाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग की योजना शुरू की गई है। जर्मनी और जापान में रोजगार के लिए युवाओं को भाषा प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। प्रदेश में करीब दो हजार स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं और नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है।

महिला सशक्तीकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और पांच लाख स्वयं सहायता समूहों से महिलाएं जुड़ी हैं, जिन्हें पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के तहत महिलाओं के उत्पादों का कारोबार 6.5 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी संस्थाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं पूरी करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

गरीब कल्याण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि करीब 10 लाख लोगों को वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिल रही है तथा पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन निशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है, जिसका लाभ करीब दो लाख परिवारों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पांच लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं और गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आवास योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक आवास बन चुके हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास जल्द मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने जुलाई 2021 में जिम्मेदारी संभालने के समय कोरोना की दूसरी लहर का जिक्र करते हुए कहा कि पर्यटन, पर्यावरण और संस्कृति से जुड़े क्षेत्रों के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया गया, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ और स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया गया। महामारी में माता-पिता दोनों को खोने वाले बच्चों के लिए बाल संबल योजना शुरू की गई। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना, बच्चों को बेहतर शिक्षा और हर नागरिक को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, तथा दूरस्थ गांवों तक सड़क, डिजिटल कनेक्टिविटी, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।