बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जेएस गंगवार को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार गंगवार को यह अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे फिलहाल पुलिस विभाग में डीजी विजिलेंस के पद पर तैनात हैं और अब उसी दायित्व के साथ आयोग का काम भी देखेंगे।
1993 बैच के आईपीएस अधिकारी गंगवार मूलतः उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है। उनके पास बिहार में पुलिसिंग का लंबा अनुभव है और वे अविभाजित बिहार तथा झारखंड के विभिन्न जिलों में सेवा दे चुके हैं। 2005 में गठित नीतीश सरकार ने भागलपुर दंगे की जांच के दौरान उन्हें भागलपुर का एसपी बनाकर भेजा था। उन्हें 2010 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और 2019 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति की ओर से पुलिस पदक मिल चुका है।
आयोग का यह पद पिछले 65 दिनों से खाली था। जानकारी के मुताबिक बीपीएसएससी के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक केएस द्विवेदी पारिवारिक कारणों से पद छोड़कर अवकाश पर गए थे, लेकिन अवकाश के बाद वे इस पद पर नहीं लौटे। इसके बाद सरकार ने गंगवार की नियुक्ति का फैसला लिया।
उल्लेखनीय है कि बीपीएसएससी में दारोगा भर्ती को लेकर विवाद भी चल रहा है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) दारोगा भर्ती गड़बड़ी की जांच को लेकर केएस द्विवेदी को कई नोटिस दे चुकी है, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया है। बता दें कि बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के जिम्मे दारोगा समेत पुलिस में विभिन्न पदों की नियुक्ति और चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी होती है।
