बदायूं के मुढ़ा पुल हादसे में तीन युवकों की मौत के मामले में दो साल बाद चार्जशीट को शासन की मंजूरी मिल गई है। विवेचना में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता महाराज सिंह को ही दोषी पाया गया है। चार्जशीट इसी सप्ताह न्यायालय में दाखिल की जाएगी।
दातागंज थाने के एसएसआइ राममेहर सिंह के अनुसार, मामले की विवेचना काफी पहले पूरी कर चार्जशीट तैयार कर ली गई थी, लेकिन न्यायालय में दाखिल करने के लिए शासन से अभियोजन की अनुमति मांगी गई थी, जो करीब तीन महीने से लंबित थी। अब यह अनुमति मिल गई है और संबंधित प्रपत्र प्राप्त होते ही चार्जशीट इसी सप्ताह न्यायालय में दाखिल कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि दातागंज और फरीदपुर को जोड़ने के लिए रामगंगा नदी पर बना पुल वर्ष 2023 की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते पुल से आवागमन बंद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद भी पुल के दातागंज छोर पर न तो पर्याप्त अवरोधक लगाए गए और न ही रास्ते को इस तरह बंद किया गया कि कोई वाहन वहां तक पहुंच सके। गूगल मैप पर भी रास्ता प्रदर्शित होता रहा।
24 नवंबर 2024 को गुरुग्राम से कार सवार तीन युवक बरेली के फरीदपुर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे और रास्ता जानने के लिए गूगल मैप का इस्तेमाल कर रहे थे। मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए उनकी कार क्षतिग्रस्त पुल तक पहुंच गई और रामगंगा नदी में गिर गई, जिसमें मैनपुरी के बिछवां निवासी अमित सिंह, फर्रुखाबाद के एमादपुर हीरामन निवासी अजीत कुमार और उनके चचेरे भाई नितिन की मौत हो गई थी। मामले में नायब तहसीलदार छविराम सिंह की ओर से पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मो. आरिफ, अभिषेक और अवर अभियंता अजय गंगवार, महाराज सिंह समेत अज्ञात के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। तहरीर में गूगल मैप पर बंद रास्ता प्रदर्शित होने के लिए उसके क्षेत्रीय प्रबंधक की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे।
