बुलंदशहर में पुलिस ने एक महिला को पड़ोसी की तीन वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला अपनी बेटी को वापस पाने की चाहत में तंत्र-मंत्र के बहाने बच्ची की हत्या करना चाहती थी।

पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय और सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि अवंती नगर भूड़ निवासी आटो चालक सचिन कुमार की तीन वर्षीय बेटी मान्या शनिवार सुबह खेलते हुए लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर कोतवाली नगर, स्वाट और कोतवाली देहात सहित सात थानों की पुलिस टीमों को तलाश में लगाया गया। पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालीं, जिनमें से एक में बच्ची पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला के कमरे तक जाती दिखाई दी। कमरे का ताला टूटा हुआ मिलने पर तलाशी में बच्ची का शव फर्श पर गद्दे के नीचे मिला।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सोनम मूल रूप से थाना सलेमपुर क्षेत्र के गांव धतूरी की रहने वाली है और गौतमबुद्धनगर के गांव मयाना निवासी दिनेश कुमार से उसकी शादी हुई थी। पारिवारिक विवाद के बाद दोनों अलग रहने लगे थे और सोनम अपनी आठ वर्षीय बेटी बुलबुल के साथ यहां किराये के कमरे में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि करीब दस दिन पहले मायके में नशे की हालत में उसने अपनी बेटी को छत की सीढ़ियों से नीचे गिरा दिया था, जिसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने बच्ची को उसके पिता को सौंप दिया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला अपनी बेटी को वापस लाना चाहती थी और इसी के चलते उसने पड़ोसी बच्ची मान्या को अपने कमरे पर बुलाकर तंत्र-मंत्र के बहाने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर और नाक दबाकर हत्या कर दी। पुलिस की गतिविधियां देखकर वह कमरे में ताला लगाकर फरार हो गई थी, जिसे वलीपुरा नहर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।