मोदी कैबिनेट ने लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव मंजूर किया है। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 815 हो जाएंगी, यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। इनकी संख्या 850 तक भी पहुंच सकती है। मोदी सरकार परिसीमन का बिल 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। शरद पवार वाली NCP ने बिल के समर्थन की बात कही है, जबकि कांग्रेस का आरोप है कि सरकार धोखे से बहुमत जुटा रही है और वह बिल के खिलाफ है।
क्रिकेट में रोहित शर्मा 3 साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं। वे हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। 39 साल के रोहित 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन टीम के कप्तान रहे और उन्होंने 5 IPL खिताब जिताए। हार्दिक की कप्तानी में MI पिछले 3 सीजन में एक बार ही प्लेऑफ में पहुंच सकी थी। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स भेज दिया और बदले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को लिया।
सोना-चांदी के दाम में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹3,658 चढ़कर ₹1.26 लाख के पार पहुंच गया, जो गुरुवार को ₹1.23 लाख पर था। वहीं एक किलो चांदी ₹6,953 बढ़कर ₹1.54 लाख पर पहुंच गई, जो गुरुवार को ₹1.47 लाख पर थी। दो दिन में सोना ₹5,261 और चांदी ₹11,355 रुपए महंगी हुई। अमेरिका में महंगाई के मजबूत आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका बढ़ी है, इसलिए तेजी के बावजूद उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीब 5 मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहने चले गए हैं। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट शामिल हैं। ये सभी 100 साल से भी ज्यादा पुराने सैन्य घरों में रह रहे हैं, जहां चारों तरफ सेना की तैनाती है। आमतौर पर इन घरों का किराया 4,500 डॉलर (करीब 4 लाख रुपए) से ज्यादा होता है।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेटर लिखकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हाईकोर्ट में हुई नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80% रही। 2018 से अब तक हाईकोर्ट में 715 जज नियुक्त हुए हैं, जिनमें सिर्फ 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। करीब 75% जज सामान्य वर्ग से नियुक्त किए गए।
