चंदौली जिले में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित 7959 किसानों को आपदा राहत कोष से लगभग चार करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से यह राशि स्वीकृत की गई है। लाभार्थियों में चक्रवात अर्णब, ओलावृष्टि, बेमौसम बारिश और बाढ़ से नुकसान झेलने वाले किसान शामिल हैं।
जिले में अकेले चक्रवात अर्णब से प्रभावित 4829 किसानों के लिए 2.42 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं। इनमें से 1556 किसानों के खाते में ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। विभाग के पोर्टल के अनुसार ओलावृष्टि, बेमौसम बारिश और बाढ़ से प्रभावित 2530 किसानों को एक करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक की क्षतिपूर्ति दी जा चुकी है, जबकि बेमौसम बारिश से प्रभावित 500 किसानों को 17.73 लाख रुपये दिए गए हैं।
चक्रवात अर्णब से प्रभावित फसलों के सर्वे के लिए जिलाधिकारी की ओर से तहसीलों की टीम लगाई गई थी। राजस्व विभाग की टीम ने सर्वे करके किसानों के नाम पोर्टल पर फीड किए थे। शासन की ओर से प्रत्येक प्रभावित किसान को 13 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर क्षतिपूर्ति दी जा रही है।
शासन की ओर से पोर्टल को लॉक कर दिया गया है, इसलिए अब नए किसानों का नाम दर्ज नहीं होगा। अब तक जिन किसानों की फीडिंग हो चुकी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर क्षतिपूर्ति दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि 80 प्रतिशत कृषि पर आधारित इस जनपद में एक लाख हेक्टेयर में धान की खेती की जाती है।
