नगर निगम चुनाव के लिए गठबंधन के बाद भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने संगठनात्मक तालमेल तेज कर दिया है। वीरवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई, जिसमें चंडीगढ़ के सभी 35 मंडलों को केंद्र में रखते हुए संगठनात्मक स्थिति, गतिविधियों और आपसी समन्वय समेत चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा और शिरोमणि अकाली दल के चंडीगढ़ प्रधान चरणजीत सिंह विली ने की। इसमें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, अरुण सूद और अकाली दल के नेशनल स्पोक्सपर्सन हरजीत सिंह भुल्लर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मंडल स्तर पर संगठन की स्थिति और स्थानीय स्तर पर पार्टी गतिविधियों को लेकर अपने विचार साझा किए। बैठक में प्रत्येक मंडल की संगठनात्मक स्थिति पर अलग-अलग चर्चा की गई और मंडलों में चल रही गतिविधियों, संगठन की सक्रियता तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाले विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की गई। सभी 35 मंडलों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से विचार-विमर्श किया गया।

भाजपा और अकाली दल ने आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए गठबंधन किया है। गठबंधन के बाद दोनों दलों के सामने अपने-अपने संगठन के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की चुनौती है। ऐसे में मंडल स्तर पर संगठनात्मक तालमेल को लेकर हुई यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में दोनों दलों के बीच समन्वय और आगे की गतिविधियों को लेकर विचारों का आदान-प्रदान भी किया गया।