चंडीगढ़ जिला अदालत में इंस्पेक्टर जसमिंदर सिंह के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामले की सुनवाई के दौरान अदालत की फटकार के बाद डीएसपी धीरज कुमार और इंस्पेक्टर बलदेव कुमार कोर्ट में पेश हुए। पिछली सुनवाई पर अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार ने दोनों अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि अगर वे इस बार भी पेश नहीं हुए तो यह मान लिया जाएगा कि उन्हें मामले में कुछ नहीं कहना है और उनकी बात सुने बिना ही इंस्पेक्टर जसमिंदर सिंह समेत तीन आरोपितों की डिस्चार्ज अर्जियों पर फैसला कर दिया जाएगा। अब दोनों अधिकारियों के पेश होने के बाद अगली तारीख पर इंस्पेक्टर जसमिंदर सिंह की डिस्चार्ज याचिका पर बहस होगी।

यह मामला सेक्टर-39 थाने में 24 मार्च 2025 को दर्ज एक एफआईआर से जुड़ा है। चंडीगढ़ पुलिस ने राकी और गौरव नाम के दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि दोनों यूपी के बागपत स्थित एक निजी कंपनी से करीब छह करोड़ रुपये की लूट के बाद चंडीगढ़ पहुंचे थे।

आरोप है कि उन आरोपितों ने बचने के लिए चंडीगढ़ पुलिस में डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल के तत्कालीन इंचार्ज जसमिंदर सिंह के साथ मिलकर साजिश रची। इंस्पेक्टर जसमिंदर ने कथित तौर पर दोनों को आर्म्स एक्ट के झूठे मामले में गिरफ्तार कर चंडीगढ़ जेल में रखने की योजना बनाई, ताकि यूपी पुलिस उन्हें अपने कब्जे में न ले सके। वरिष्ठ अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो इंस्पेक्टर जसमिंदर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।