छत्तीसगढ़ में कोल, स्पंज आयरन और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े उद्योगपतियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई में अब तक 14 करोड़ रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। बुधवार से शुरू हुई यह छापेमारी रायपुर सहित छह जिलों के करीब 50 ठिकानों पर जारी है। कार्रवाई अगले तीन से चार दिन तक चलने की संभावना है।
जांच के दायरे में सूरजपुर के उद्योगपति श्रवण अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल और कमल अग्रवाल से जुड़े बर्बरीक कंस्ट्रक्शन ग्रुप, पीआरए ग्रुप और सहयोगी कारोबारी समूह हैं। सूत्रों के अनुसार, विभाग पिछले तीन महीनों से इन समूहों के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहा था। पिछले पांच वर्षों की घोषित आय और वास्तविक कारोबार में अंतर मिलने के बाद कर चोरी की आशंका में यह कार्रवाई की गई।
फर्जी बिलिंग, बेनामी संपत्तियों और शेल कंपनियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। बड़ी संख्या में लाकर मिलने के बाद गुरुवार से उनकी जांच शुरू हुई। आभूषणों और कीमती सामान के मूल्यांकन के लिए मुंबई और अहमदाबाद से ज्वेलर्स बुलाए गए हैं।
रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और जांजगीर-चांपा में जांच जारी है। बिलासपुर के व्यापार विहार में महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील और हनुमान हार्डवेयर सहित कई ठिकानों की छानबीन हुई, जबकि रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात भी जांच के दायरे में हैं। सड़क निर्माण कारोबारी प्रहलाद अग्रवाल के पीआरए ग्रुप के चंदखुरी स्थित कारखाने और रिंग रोड, शंकर नगर तथा खम्हारडीह के ठिकानों पर भी जांच हो रही है। विभाग ने कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
