घूमने के शौक को कारोबार में बदलने वाली पूनम आसिफ अली अब तिगरी और गढ़ मुक्तेश्वर मेलों में श्रद्धालुओं के लिए टेंट उपलब्ध करा रही हैं। संभल के गांव भवालपुर बांसली निवासी पूनम ने बताया कि 2022 के तिगरी मेले में वह अपने और परिवार के लिए एक गोल टेंट लेकर पहुंची थीं। यह टेंट इंटरनेट मीडिया के माध्यम से चर्चा में आया। पूनम और उनके पति नरेंद्र चौधरी को देशभर में घूमने का शौक था और वे बाइक पर मिनी टेंट लेकर चलते थे। इसी से उन्हें मेलों में टेंट उपलब्ध कराने का आइडिया मिला।

पूनम ने दिल्ली के नागलोई निवासी हिमांशु अग्रवाल से संपर्क कर उनके साथ किराए पर टेंट देने का काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि 2023 में 50 हजार रुपये का निवेश कर यह कारोबार शुरू किया गया था। लोगों को उनके टेंट पसंद आए, जिसके बाद 2023, 2024 और 2025 में भी तिगरी व गढ़ मेले में टेंट उपलब्ध कराए गए।

अमरोहा के तिगरी और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेला चल रहा है, जहां दोनों मेलों में टेंट नगरी बसी हुई है। इस बार भी पूनम ने दोनों मेलों में लगभग 300 टेंट लगाए हैं। इनमें पीपी, स्विस काटेज, पगौड़ा टेंट और झोपड़ी शामिल हैं, जिनका किराया 1100, 1500, 2000 और 2500 रुपये तक है। टेंट में बेड, गद्दा, कुर्सी, मेज और स्टूल उपलब्ध कराए जाते हैं। श्रद्धालु इन्हें किराए पर लेकर मां गंगा की गोद में रहते हैं। मेलों में सरकारी टेंट भी लगे हैं और श्रद्धालु घरों से भी टेंट लेकर पहुंच रहे हैं। पूनम का यह काम उनके लिए रोजगार बनने के साथ अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बना हुआ है।