जागरण विमर्श के पंचम सत्र ‘एमएसएमई और कारोबार : विविध आयाम’ में उद्योग जगत के दिग्गजों और अधिकारियों ने कानपुर के औद्योगिक पुनरुत्थान का रोडमैप साझा किया। सत्र में बुनियादी ढांचे में सुधार और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दिया गया। उद्योग जगत का मानना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से निवेश बढ़ेगा और युवाओं का पलायन रुकेगा, जिससे कानपुर अपनी पुरानी औद्योगिक चमक वापस पा सकेगा।

रीजेंसी हेल्थ के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक डा. अतुल कपूर ने कहा कि शहर में विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन बुनियादी ढांचे की कमी ने गति थाम रखी है। उनके अस्पताल को लगभग 750 एमएसएमई इकाइयां नियमित रूप से सामान की आपूर्ति करती हैं। उन्होंने कहा कि यदि शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हो जाए, तो बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और नई पीढ़ी भी बाहर जाने के बजाय अपने शहर लौटकर पारिवारिक व्यवसाय को आगे बढ़ाएगी।

तिरंगा समूह के निदेशक पं. नरेंद्र शर्मा ने फूल, फल, इत्र और औषधियों की प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों को समृद्ध करने के साथ कुटीर उद्योगों को नई ऊर्जा देने का सुझाव दिया। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) की तरह कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही। उनके अनुसार, एमएसएमई वर्ग को सरकारी पोषण मिले तो ग्रामीण क्षेत्रों के कारीगरों और महिलाओं को घर के पास ही स्वावलंबी बनाया जा सकेगा।

उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह ने बताया कि कृषि के बाद एमएसएमई सेक्टर देश में सर्वाधिक रोजगार देता है और राष्ट्रीय जीडीपी में इसका योगदान लगभग 31 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कानपुर में ओडीओपी के तहत लेदर और होजरी के बाद अब ‘मशीनरी’ सेक्टर को भी शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में शहर से लगभग 11 हजार करोड़ रुपये का वार्षिक निर्यात हो रहा है, जिसे बढ़ाने के लिए छोटे क्लस्टर्स बनाकर उनकी ‘हैंड होल्डिंग’ की जा रही है। उन्होंने ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत कानपुर के पारंपरिक लड्डू और समोसा जैसे उत्पादों के निर्माण व व्यापार के लिए पांच करोड़ रुपये तक के बैंक ऋण पर 50 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रविधान है। सत्र का संचालन लोकल डेस्क इंचार्ज हिमांशु द्विवेदी ने किया।