शाहजहांपुर में स्पाइस मनी कंपनी के अभिकर्ता ने कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये हड़पने के लिए खुद की लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से उसका झूठ सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
शहर के हद्दफ मुहल्ला निवासी अयाज मोहम्मद स्पाइस मनी कंपनी में अभिकर्ता है। गुरुवार दोपहर उसने पुलिस को बताया कि वह कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था, तभी ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने रुपये लूट लिए। सरेराह हुई इस लूट की जांच के लिए सीओ सदर के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गईं। एक टीम ने आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, दूसरी सर्विलांस और सीडीआर पर लगी, तीसरी ने कंपनी के लेन-देन की पड़ताल की, जबकि चौथी टीम ने उसके घर के आसपास गोपनीय पूछताछ की।
जांच में समय का गणित गड़बड़ निकला। अयाज सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर घर से निकला और 10 बजकर 27 मिनट पर अंकित की दुकान पहुंचा, लेकिन वहां से एक किमी दूर घटनास्थल तक पहुंचने में उसे 36 मिनट लग गए। घटनास्थल के आसपास लोगों का आना-जाना लगातार था, फिर भी किसी ने लूट होते नहीं देखी। सख्ती से पूछताछ में अयाज टूट गया और उसने सच्चाई बता दी।
पुलिस के अनुसार अयाज ने बताया कि कंपनी ने उसे पहले 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी, जो बिजनेस कम होने पर घटाकर पांच लाख कर दी गई। इसी बीच उसने कंपनी के रुपये से एक लाख 70 हजार रुपये में एक प्लाट खरीद लिया और लगातार नुकसान से उस पर करीब पांच लाख रुपये का बोझ हो गया। कलेक्शन हेड लगातार रुपये जमा करने का दबाव बना रहे थे। गुरुवार सुबह ओवरड्राफ्ट खत्म करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद उसने लूट की झूठी कहानी रची। वह कागज के टुकड़ों से भरा बैग लेकर निकला, अंकित की दुकान पर जानबूझकर बताया कि उसके पास छह लाख 49 हजार रुपये हैं, फिर ककरा पुल पर बैग झाड़ियों में फेंककर सुनसान जगह पर रोने-चीखने लगा और डायल 112 पर सूचना दे दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से बैग बरामद किया, जिसमें कागज, पैड और पेन आदि निकले।
