वाराणसी में देव दीपावली के मौके पर होटलों और नावों की कीमतें आसमान छू रही हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक शहर में करीब 7 हजार छोटे-बड़े होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे हैं, जहां इस बार कीमतें 7 हजार से लेकर 4 लाख रुपये तक पहुंच चुकी हैं। घाट किनारे के लग्जरी होटलों में दो से तीन दिन के पैकेज की कीमत करीब 4 लाख रुपये है। गंगोत्री क्रूज के सुइट रूम 3.5 लाख रुपये में बुक हो रहे हैं।

नावों का किराया भी तेजी से बढ़ा है। छोटी नावों पर तीन घंटे के लिए प्रति व्यक्ति 3 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि गंगोत्री क्रूज पर एक कुर्सी की कीमत 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति है। अनुमान के मुताबिक देव दीपावली के दिन करीब 30009 नावें गंगा पर चलती हैं।

डीएवी कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अनूप मिश्रा ने बताया कि प्रशासन के आंकड़ों के हिसाब से इस बार करीब 8 से 10 लाख लोग बाहर से बनारस आएंगे। इनका सबसे बड़ा खर्च होटल और नाव पर होता है, इसके अलावा खाने-पीने, ऑटो-टैक्सी, कपड़े और क्राफ्ट की खरीदारी पर भी पैसा खर्च होता है। एक व्यक्ति का खर्च 4 से 5 हजार रुपये जोड़ने पर तीन दिनों में करीब 450 से 500 करोड़ रुपये से ऊपर के कारोबार का अनुमान है।