छत्तीसगढ़ के कोरबा और सक्ती जिलों में 100 परिवारों के करीब 500 लोगों को मंत्रोच्चार के बीच हिंदू धर्म में घर वापसी कराई गई। सक्ती जिले के घंटाघर ओपन थिएटर में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह में यह कार्यक्रम हुआ, जहां घर वापसी करने वालों का पांव पखारकर स्वागत किया गया। इनमें सक्ती के साथ कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्रों के आदिवासी और अन्य लोग शामिल थे।
समारोह में शामिल महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। सक्ती जिले की समरीन बाई सतनामी ने बताया कि उन्होंने मजदूर पति की बीमारी ठीक होने की आस में ईसाई मत अपनाया था और चंगाई सभाओं में प्रार्थना की, पवित्र जल और तेल का सहारा लिया, लेकिन बीमारी ठीक नहीं हुई और पति का निधन हो गया। उन्होंने मिशनरी की बातों में आकर मतांतरण करना जीवन की सबसे बड़ी भूल बताया। बगबुड़ा की लता साहू ने कहा कि करीब तीन साल पहले एक पादरी ने उनके बीमार पति का स्वास्थ्य ठीक करने का भरोसा दिलाया था, जिसके बाद वे मतांतरित हो गईं, लेकिन पति की बीमारी दूर नहीं हुई और अब वे अस्पताल में इलाज करा रही हैं।
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार में अधिकारियों के संरक्षण के कारण मतांतरण की संख्या बढ़ी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने मतांतरण रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई धर्म और परंपरा को लूटने का प्रयास करे तो समाज को उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने पिता स्व. दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मतांतरण के विरुद्ध और घर वापसी के लिए उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।
