ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीन चीनी सैटेलाइट्स भारत के पश्चिमी तट पर लगातार नजर रख रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स में भारतीय स्पेस सर्विलांस और इंटेलिजेंस कंपनी डिगंतारा के हवाले से यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन सैटेलाइट्स ने चार दिन तक भुज, नलिया, जामनगर और रिलायंस रिफाइनरी की एक्टिविटी देखी। सैटेलाइट्स ने नौसैनिक और वायुसेना ठिकानों के अलावा पोर्ट और महत्वपूर्ण इंडस्ट्रियल एरिया की भी निगरानी की।

रिपोर्ट के अनुसार, निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 सैटेलाइट्स भारत के पश्चिमी तट के ऊपर सक्रिय रहे। ये इलाके भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान अहम माने जाते हैं। भुज का रुद्र माता एयरफोर्स स्टेशन कच्छ में पाकिस्तान सीमा के पास स्थित है, जबकि नलिया में एयरफोर्स स्टेशन की 49वीं विंग है। नलिया पश्चिमी कच्छ में पाकिस्तान सीमा और अरब सागर के करीब एक फॉरवर्ड बेस है।

ऑपरेशन सिंदूर 7 मई 2025 को शुरू हुआ था और चार दिन चला था। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दिन इन सैटेलाइट्स ने अपनी कक्षा बदली थी। डिगंतारा के एनालिसिस से चीनी सैटेलाइट्स की निगरानी गतिविधियों का पता चलता है, लेकिन इन सैटेलाइट्स से जुटाई गई जानकारी पाकिस्तान को साझा की गई थी या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

ऑपरेशन सिंदूर कई चरणों में अंजाम दिया गया। 7 मई को पाकिस्तान के 9 ठिकानों पर सटीक हमले किए गए, जिनमें बहावलपुर, मुरीदके और मुजफ्फराबाद जैसी जगहें शामिल थीं, जहां आतंकियों को ट्रेनिंग दी जाती थी। 8 मई को पाकिस्तान ने भारत के पश्चिमी राज्यों में बड़े पैमाने पर ड्रोन अटैक किए, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने लगभग सभी को बेअसर कर दिया। 9 मई को भारत ने 6 पाकिस्तानी सैन्य एयरबेस पर हमले किए और 10 मई को सीजफायर का ऐलान हुआ। हालांकि भारत ने इसे साफ तौर पर सीजफायर नहीं कहा है और सिर्फ गोलीबारी बंद की है।