कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सीजेपी सह-संयोजक सौरभ दास के अलावा अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नोटिस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को बिना इजाजत किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर दर्ज एफआईआर के सिलसिले में जारी किया गया है। लुकआउट नोटिस का मतलब है कि सीजेपी के तीनों बड़े नेताओं के देश छोड़ने पर फिलहाल रोक लग गई है।

दीपके और रांका के खिलाफ लुकआउट नोटिस की बात ऐसे समय सामने आई है जब गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में बताया गया कि सौरभ दास के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) एक अलर्ट होता है जो भारतीय आव्रजन चेकपॉइंट्स जैसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमाओं पर भेजा जाता है। किसी व्यक्ति के नाम यह नोटिस जारी होने का मतलब है कि वह देश से बाहर नहीं जा सकता।

2 अक्टूबर को सीजेपी नेताओं ने मुंबई पुलिस की ओर से अनुमति न दिए जाने के बावजूद सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवाजी पार्क में जुटान किया था। बाद में मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन के आयोजकों और 400-500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 189 और 223 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। अब इसी मामले में लुकआउट सर्कुलर जारी करने की बात सामने आई है।

सौरभ दास को सोमवार देर रात लंदन जाने से रोक दिया गया था। बुधवार को विदेश मंत्रालय ने दास के पासपोर्ट में कुछ विसंगतियों की शिकायत मिलने की बात कही। गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में दास की याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने बताया कि उनके खिलाफ एलओसी जारी किया गया है। सरकार के वकील ने कहा कि यह एलओसी महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर 22-23 नवंबर की दरमियानी रात जारी की गई थी। दास को अपने पासपोर्ट में बताई गई कथित विसंगतियों का जवाब देना है और इसको लेकर साक्ष्य पेश करने होंगे। सरकार के वकील ने दलील दी कि पासपोर्ट में बताई गई कथित विसंगतियों का दास की नागरिकता पर असर पड़ सकता है।