अक्सर लोग सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलने, सीने में हल्की घरघराहट या हफ्तों तक चलने वाली खांसी को मौसम के बदलाव, बढ़ती उम्र या प्रदूषण का सामान्य असर मानकर टाल देते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यही लापरवाही क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) को शरीर में जड़ें जमाने का मौका दे देती है। इसे फेफड़ों की साइलेंट डिजीज कहा जाता है, क्योंकि यह इतनी धीमी गति से बढ़ती है कि सालों तक इसके लक्षणों का एहसास नहीं होता। जब तक मरीज डॉक्टर के पास पहुंचता है, तब तक फेफड़े काफी हद तक खराब हो चुके होते हैं।
लगातार खांसी आना, बलगम बनना, सीने में घरघराहट या सांस उखड़ना इसके आम लक्षण हैं। एक आम भ्रम यह भी है कि यह बीमारी केवल धूम्रपान करने वालों को होती है, जबकि लंबे समय तक जहरीली हवा, कारखानों के धुएं-धूल और चूल्हे के धुएं के संपर्क में रहने वाले लोगों को भी इसका उतना ही खतरा है। भारत जैसे देश में, जहां घर के भीतर और बाहर का प्रदूषण एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है, यह बात और भी मायने रखती है।
बीमारी का समय पर पता न लगने की एक बड़ी वजह स्पाइरोमेट्री टेस्ट का कम इस्तेमाल होना है। यह फेफड़ों की ताकत और काम करने की क्षमता नापने वाला आसान टेस्ट है, जिससे इस बीमारी की पुष्टि की जा सकती है। 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोग, खासतौर से सिगरेट पीने वाले या धूल, धुएं और प्रदूषण के संपर्क में रहने वाले लोगों को डॉक्टर से मिलकर यह जांच जरूर करानी चाहिए।
यह सच है कि इस बीमारी से फेफड़ों को हुए नुकसान को वापस पहले जैसा नहीं किया जा सकता, लेकिन समय रहते बीमारी पकड़ में आने पर मरीज की जिंदगी काफी हद तक बेहतर बनाई जा सकती है। इसके लिए सिगरेट छोड़ना, सही इनहेलर का इस्तेमाल, जरूरी टीके लगवाना, फेफड़ों की रिहैबिलिटेशन थेरेपी लेना और हानिकारक धुएं से दूर रहना कारगर साबित होता है। लगातार खांसी और सांस उखड़ने को केवल बुढ़ापे की निशानी मानकर नजरअंदाज न करें। यह जानकारी डॉ. ध्रुव तलवार, कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट, मेट्रो सेंटर फॉर रेस्पिरेटरी डिजीज, नोएडा के हवाले से दी गई है।
