जम्मू-कश्मीर में तैनात CRPF के जवानों के लिए सुरक्षा के नए निर्देश जारी किए गए हैं। अब ड्यूटी के दौरान सभी जवानों को बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही जवान ड्यूटी पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। केवल कमांडर ही जरूरी सरकारी काम के लिए मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे। ये निर्देश हाल ही में कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जारी किए गए हैं, जिसमें 11 नवंबर को तीन जवान घायल हुए थे।
CRPF के DG जीपी सिंह ने पिछले दिनों सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसके बाद सभी कंपनी कमांडरों को जांच नाकों पर सुरक्षा बढ़ाने और पर्याप्त जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। जवानों को गोलीबारी से बचाने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियों की व्यवस्था की जाएगी। शाम और रात के समय पर्याप्त रोशनी रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
कुलगाम हमले को लेकर यह भी सामने आया है कि इसमें शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। सोमवार को हुई मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि भट भाग निकला। मंगलवार को भी ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश जारी रही।
इस बीच, CRPF कैंप पर हमला करने वाले आतंकियों का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया है। इसमें आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार कैंप की रेकी करते दिख रहे हैं। 56 सेकंड के इस वीडियो में दोनों टैक्सी से उतरते नजर आ रहे हैं। पहले लतीफ और फिर उमर टैक्सी से उतरकर कैंप की ओर बढ़ते दिखे। कैंप की ओर जाते हुए दोनों की एक फोटो भी सामने आई है।
