केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 14वें दलाई लामा को नई दिल्ली के लुटियंस इलाके में सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर स्थित है। दलाई लामा के निजी कार्यालय गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर टाइप-7 बंगला दिया गया है। हालांकि, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने इस आवंटन पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे सरकारी आवास आमतौर पर तीन साल के लिए आवंटित किए जाते हैं, जिन्हें आगे बढ़ाया जा सकता है। यह बंगला संसद से करीब तीन किलोमीटर दूर है।
तिब्बती संसद-इन-एक्साइल ने इस फैसले के लिए भारत सरकार का आभार जताया है। संसद की अध्यक्ष डोलमा त्सेरिंग ने कहा कि यह दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत के समर्थन का महत्वपूर्ण संकेत है। उनके मुताबिक, इससे दलाई लामा की दिल्ली यात्राएं आसान होंगी और राजधानी में उनके ठहरने के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
गादेन फोद्रंग ट्रस्ट दलाई लामा का निजी कार्यालय है, जो उनके आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों में सहयोग करता है। ट्रस्ट का उद्देश्य मानवीय मूल्यों, धार्मिक सद्भाव, तिब्बती संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। यह प्राचीन भारतीय ज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए भी काम करता है।
ल्हामो थोंडुप को 22 फरवरी, 1940 को 14वां दलाई लामा घोषित किया गया था, तब उनकी उम्र महज 5 साल थी। उन्हें तेनजिन ग्यात्सो भी कहा जाता है। 1937 में तिब्बत के धर्मगुरुओं ने पाया था कि वो 13वें दलाई लामा थुबतेन ग्यात्सो के अवतार थे। सभी परीक्षण पास करने के बाद धर्मगुरुओं ने उन्हें धार्मिक शिक्षा दी और दलाई लामा के रूप में मान्यता दी।
