रायबरेली के डलमऊ में इस बार कार्तिक पूर्णिमा मेले की शुरुआत काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती से होगी। नगर पंचायत द्वारा आयोजित इस आरती में लेजर लाइट की रंगीन रोशनी के बीच वाराणसी के गंगा आरती ग्रुप द्वारा विधि-विधान से आरती की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ ने बताया कि श्रद्धालुओं को काशी जैसा नजारा देखने को मिलेगा।
डलमऊ गंगा तट पर होने वाली इस आरती को यादगार बनाने के लिए नगर पंचायत ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए विशेष लेजर लाइट की व्यवस्था की गई है। आरती के दौरान सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
खास बात यह है कि इस बार गंगा आरती की जिम्मेदारी वन विभाग के बजाय नगर पंचायत को सौंपी गई है। पहले वन विभाग की ओर से आरती का आयोजन कराया जाता रहा है, लेकिन इस बार नगर पंचायत स्वयं इस धार्मिक आयोजन की कमान संभालेगी और इसे भव्य स्वरूप देने की तैयारी कर रही है।
कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गंगा तट पर काशी की गंगा आरती की झलक देखने को मिलेगी। ऐतिहासिक प्रांतीय मेले का शुभारंभ इस बार मां गंगा की दिव्य आरती के साथ होगा।
