दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के शंपिपरा गांव में एक आटा चक्की संचालक पर बिजली चोरी के आरोप में छह लाख 16 हजार 951 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कनीय अभियंता राम रतन कुमार के अनुसार विभागीय छापेमारी में चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद संचालक प्रभास कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
आरोप है कि संचालक मीटर के पास तार को इस तरह बाइपास कर बिजली चोरी कर रहा था कि वह पहली नजर में मेन लाइन जैसा ही दिखता था। छापेमारी के दौरान चोरी का यह तरीका देखकर विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए। अधिकारियों के मुताबिक पहली नजर में गड़बड़ी पकड़ना आसान नहीं था।
कनीय अभियंता ने बताया कि विभागीय टीम की जांच में चोरी की पुष्टि के बाद नियमानुसार जुर्माना राशि तय की गई और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उनकी ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर मामले की आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
