दारुल उलूम देवबंद परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए 1 दिसंबर से नई शुल्क व्यवस्था लागू की जा रही है। संस्था की ओर से जारी पत्र के अनुसार कार पार्क करने के शुरुआती दो घंटे निःशुल्क रहेंगे। तीसरा घंटा शुरू होने पर 50 रुपये शुल्क देना होगा और इसके बाद प्रत्येक तीन घंटे पूरे होने पर निर्धारित पार्किंग शुल्क लिया जाएगा।

संस्थान परिसर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह व्यवस्था बनाई गई है। यहां देश-विदेश से आने वाले लोगों के अलावा शहर के लोग भी अक्सर अपने वाहन खड़े कर देते हैं। कई बार स्थानीय लोग अपनी गाड़ियां लंबे समय तक परिसर में खड़ी छोड़ देते हैं, जिससे बाहर से आने वाले आगंतुकों को पार्किंग के लिए जगह मिलने में परेशानी होती है।

इसी समस्या को देखते हुए पार्किंग शुल्क निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि वाहनों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक खड़ा रखने पर रोक लग सके और पार्किंग का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार हो। संस्थान परिसर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पहले से व्यवस्था की गई थी, लेकिन निर्धारित शुल्क नहीं होने के चलते पार्किंग स्थल पर वाहनों का दबाव बना रहता था।

दारुल उलूम देवबंद अपनी ऐतिहासिक इमारतों, पुस्तकालय और शैक्षिक गतिविधियों के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। नई व्यवस्था से संस्थान परिसर में पार्किंग को लेकर अनुशासन बनाए रखने और बाहर से आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में होने वाली परेशानी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।