एक नई रिसर्च में डेटा एक्सपोज के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें कुल मिलाकर 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड शामिल हैं। WIRED की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दो अलग-अलग डेटाबेस में 3.5 अरब से ज्यादा यूजरनेम, पासवर्ड, राष्ट्रीय पहचान नंबर और दस्तावेज ऑनलाइन मौजूद थे, जिन्हें कोई भी देख सकता था। इनमें दर्जनों देशों के लोगों की जानकारी शामिल थी। रिसर्चर का कहना है कि इस डेटा का इस्तेमाल करके साइबर अपराधी यूजर्स के अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं, उनकी पहचान चुराकर धोखाधड़ी कर सकते हैं और ऐसे फर्जीवाड़े कर सकते हैं जो देखने में असली लगें।

यह साफ कर देना जरूरी है कि 3.5 अरब का यह आंकड़ा प्रभावित लोगों की संख्या नहीं, बल्कि कुल रिकॉर्ड्स की संख्या है। एक ही अकाउंट का डेटा एक से ज्यादा बार आ सकता है और एक ही व्यक्ति के कई लॉगिन हो सकते हैं। ब्लैक हिल्स इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी के रिसर्चर जेरेमिया फाउलर को मिले पहले डेटाबेस में लगभग दो अरब लॉगिन रिकॉर्ड थे। रिसर्चर के मुताबिक, 8,471 फोल्डरों में ईमेल पते, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस की जानकारी थी, जिनमें से कुछ को देश के हिसाब से व्यवस्थित किया गया था। सेशन टोकन अतिरिक्त जोखिम पैदा करते हैं, क्योंकि इनकी मदद से बिना पासवर्ड किसी अकाउंट को एक्सेस किया जा सकता है और कुछ मामलों में पासवर्ड बदलने के बाद भी ये टोकन एक्टिव रह सकते हैं। फाउलर को करोड़ों ईमेल अकाउंट, सरकारी, स्कूल-कॉलेज और अन्य संस्थाओं के करोड़ों ईमेल पते, 10 करोड़ से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स के करोड़ों अकाउंट मिले हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, ज्यादातर जानकारी इन्फो स्टीलर मैलवेयर के जरिए ली गई लगती है, जो संक्रमित डिवाइस से सेव पासवर्ड और अन्य जानकारी चुराता है। ऐसा डेटा बड़ी मात्रा में खरीदा जा सकता है, देश या अकाउंट के प्रकार के आधार पर छांटा जा सकता है और छोटे हिस्सों में दोबारा बेचा जा सकता है। फाउलर के मुताबिक, लगभग 4,00,000 ऐसे दस्तावेज भी मिले जो शायद किसी ज्यादा एडवांस मैलवेयर से आए हैं। वह यह पता नहीं लगा सके कि यह डेटाबेस किसका है या कितने समय से सार्वजनिक रूप से खुला था। उन्होंने इसकी सूचना होस्टिंग कंपनी को दी, जिसने कुछ दिनों बाद इस तक आम लोगों की पहुंच रोक दी। यह अभी साफ नहीं है कि किसी और ने इन फाइलों को देखा है या अपने पास रखा है।

दूसरा डेटा एक्सपोज सुरक्षा कंपनी अपगार्ड (UpGuard) के रिसर्च डायरेक्टर ग्रेग पोलॉक की नजर में आया। पोलॉक ने WIRED को बताया कि उन्हें एक ऐसा डेटाबेस मिला जिसमें 1.64 अरब दस्तावेज हैं, जो मुख्य रूप से चीन के लोगों और बिजनेस से जुड़े हैं। उनके एनालिसिस के अनुसार, इसमें कम से कम 84 करोड़ राष्ट्रीय पहचान नंबर, 30 करोड़ फोन नंबर, लगभग 1.1 करोड़ छात्रों के एनरोलमेंट रिकॉर्ड और करीब 80 लाख व्यावसायिक पंजीकरण शामिल हैं।