एप्पल के iPhone, iPad और Mac पर मिलने वाला AirDrop फीचर बड़ी फाइलों को तेजी से साझा करने की सुविधा देता है। इसकी मदद से यूजर्स फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट और अन्य फाइलें कुछ ही मिनटों में किसी दूसरे एप्पल डिवाइस पर भेज सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए मोबाइल डेटा या Wi-Fi कनेक्शन की जरूरत नहीं पड़ती।
AirDrop के तेज काम करने के पीछे एप्पल की खास वायरलेस टेक्नोलॉजी है, जिसमें ब्लूटूथ और Wi-Fi दोनों का इस्तेमाल होता है। जब यूजर iPhone में AirDrop ऑन करता है, तो यह सबसे पहले ब्लूटूथ की मदद से आसपास मौजूद एप्पल डिवाइस को खोजता है। ब्लूटूथ का काम दोनों डिवाइस के बीच कनेक्शन सेट करने और एक-दूसरे की पहचान करने में मदद करना होता है।
इसके बाद फाइल ट्रांसफर के लिए AirDrop Wi-Fi का यूज करता है। यह Wi-Fi Direct जैसी पीयर-टू-पीयर वायरलेस टेक्नोलॉजी के जरिए दोनों डिवाइस के बीच सीधा कनेक्शन बना लेता है। इससे फाइल को किसी इंटरनेट सर्वर पर अपलोड नहीं करना पड़ता और डेटा सीधे एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर पहुंच जाता है।
AirDrop की सबसे खास बात यही है कि इसमें बिना किसी मोबाइल नेटवर्क या बाहरी Wi-Fi राउटर के भी फाइल ट्रांसफर की जा सकती है। दोनों डिवाइस के बीच सीधा वायरलेस कनेक्शन बन जाता है, इसी कारण इंटरनेट उपलब्ध न होने पर भी फाइल शेयरिंग हो जाती है।
