देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला जंगल में बुधवार को कूड़े के ढेर के पास बोरे में एक युवती का शव मिला था। शव के चेहरे और गले पर गहरे घाव थे। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को जंगल में फेंका गया। तीन दिन बीतने के बाद भी युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने घटनास्थल और वहां तक जाने वाले रास्तों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। चार टीमें कैमरों की जांच में लगी हैं, जबकि कुल आठ टीमें शिनाख्त और हत्याकांड की जांच कर रही हैं। फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखी थी, लेकिन जांच में पता चला कि वह पंचर होने के कारण उस समय वहां खड़ी थी। जंगल और आसपास के इलाके में कैमरों के बीच दूरी और कई बिना निगरानी वाले रास्ते जांच में बाधा बन रहे हैं।
अब पुलिस की उम्मीद मृतका के शरीर पर बने दो पुराने टैटू पर टिकी है। पुलिस के अनुसार, एक टैटू करीब दस साल पुराना और दूसरा लगभग दो साल पुराना है। मृतका की हथेली पर गुलाब का टैटू भी बना है। देहरादून के टैटू बनाने वालों से पूछताछ में पता चला कि ऐसे टैटू दुकानों के बजाय मेलों में बनाए जाते हैं। इन निशानों से अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, चंडीगढ़, दिल्ली सहित दूसरे राज्यों की पुलिस से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बिधौली, प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों के हास्टल व कालेजों का रिकार्ड भी खंगालना शुरू कर दिया है ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं कोई छात्रा कुछ दिनों से लापता तो नहीं है।
