देहरादून में दुपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले सवारियों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। यातायात पुलिस पहले लोगों को जागरूक करेगी और इसके बाद नियम तोड़ने वालों पर 1000 रुपये का चालान किया जाएगा। यह कदम सड़क हादसों में पिलियन राइडर्स की बढ़ती मौतों के मद्देनजर उठाया गया है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में दुपहिया वाहन दुर्घटनाओं में 91 चालकों की मौत हुई और 75 घायल हुए, जबकि पीछे बैठी 68 सवारियों की जान गई और 148 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में 45 चालकों की मौत और 32 के घायल होने की जानकारी है, वहीं पीछे बैठी 23 सवारियों की मौत हुई और 38 घायल हुए। वर्ष 2026 के अब तक उपलब्ध आंकड़ों में 10 चालकों की मौत और 28 के घायल होने की बात सामने आई है, जबकि पीछे बैठी पांच सवारियों की मौत हुई और 29 लोग घायल हुए।
यातायात पुलिस का जोर लोगों को इस नियम के प्रति जागरूक करने और इसका सख्ती से पालन कराने पर है। खासकर उन लोगों को जागरूक किया जाएगा, जो परिवार के सदस्यों या बच्चों को दुपहिया वाहन पर बिना हेलमेट बैठाकर सफर करते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने वाला सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। पुलिस की अपील है कि दुपहिया वाहन पर निकलते समय चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों हेलमेट पहनें।
