नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने ताजमहल समेत देश के संरक्षित स्मारकों पर काम करने वाले लाइसेंसधारी फोटोग्राफरों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें 65 साल की उम्र पूरी होने पर काम छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकेगा। कोर्ट ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की उस नीति को रद्द कर दिया है, जिसमें फोटोग्राफरों के लिए अधिकतम उम्र 65 साल तय की गई थी। जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस दिनेश भट्ट की बेंच ने यह फैसला 23 नवंबर को सुनाया, जो 25 नवंबर को उपलब्ध हुआ।

बेंच ने कहा कि फोटोग्राफर ASI के कर्मचारी नहीं हैं। वे अपना काम खुद करते हैं और इसी से अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे पेशेवरों पर बिना ठोस आधार के उम्र की सीमा लगाना संविधान के अनुच्छेद 19(1)(जी) के तहत मिले पेशा चुनने और काम करने के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।

यह मामला ASI की 24 मई 2017 की नीति से जुड़ा था। ताजमहल में लंबे समय से काम कर रहे लाइसेंसधारी फोटोग्राफरों ने इस नियम को चुनौती दी थी। उनका कहना था कि फोटोग्राफी ही उनकी कमाई का एकमात्र जरिया है और वे 30 से 40 साल से यह काम कर रहे हैं। इसके बदले उन्हें ASI से कोई वेतन नहीं मिलता। ASI ने उम्र की सीमा का बचाव करते हुए कहा था कि इससे नए फोटोग्राफरों को काम का मौका मिलेगा और स्मारकों पर भीड़ कम करने तथा बिना अनुमति दूसरे लोगों से काम कराने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। हाई कोर्ट ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया।

सुनवाई के दौरान बेंच ने कहा कि फोटोग्राफर आमतौर पर स्मारक में एक निश्चित जगह पर रहकर काम करते हैं और उन्हें टूरिस्ट गाइड की तरह लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती, इसलिए उनके काम में शारीरिक मेहनत भी कम होती है। कोर्ट ने यह भी कहा कि 65 साल से अधिक उम्र के लोग भी शारीरिक और मानसिक रूप से काम करने में सक्षम हो सकते हैं और उनका लंबा अनुभव पर्यटकों के लिए उपयोगी है। हालांकि, कोर्ट ने 60 साल या उससे अधिक उम्र के फोटोग्राफरों के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट की शर्त बरकरार रखी है। उन्हें ASI के रिफ्रेशर कोर्स और जरूरी तकनीकी टेस्ट भी पास करने होंगे। लाइसेंस किसी दूसरे को देने या अनधिकृत व्यक्ति से काम कराने पर तत्काल रद्द किया जा सकेगा।