भोपाल में खेली जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान के खिलाफ मुकाबले में 4-0 की बढ़त बना ली है। सलीमा टेटे की कप्तानी वाली भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है और टूर्नामेंट में अब तक अजेय है। जापान भी टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा है।

भारत के लिए पहला गोल 12वें मिनट में लालरेम्सियामी ने किया। इसके बाद 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने गोल करके बढ़त 2-0 कर दी। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम संघर्ष करती दिखी, लेकिन इसके बाद उसने जबरदस्त वापसी की। नेहा ने तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 किया। पहले हाफ के बाद भारत 3-0 से आगे था। दीपिका पिछले दो मैचों में कुल छह गोल कर चुकी हैं।

तीसरे क्वार्टर में जापान ने अच्छा बचाव किया और भारत को एक भी गोल नहीं करने दिया। भारत को इस क्वार्टर में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। चौथे क्वार्टर में दीपिका ने 48वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और भारत की बढ़त 4-0 कर दी।

भारतीय टीम ने अपने पिछले मैच में चीन को 6-2 से हराया था। टीम ने अब तक टूर्नामेंट में चार मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है। भारत और जापान के बीच यह मुकाबला बुधवार शाम 7 बजे से भोपाल में खेला गया।