बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना की घोषणा की है। इस पर ढाका में हंगामा है। तारिक रहमान सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है, जबकि प्रतिबंधित अवामी लीग के लोग सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि शेख हसीना का अपनी मर्जी से अपने देश लौटने का प्लान ढाका की प्रत्यर्पण की मांग से अलग मामला है। उन्होंने कहा कि यह हसीना और बांग्लादेश सरकार के बीच का मामला है। प्रत्यर्पण के संबंध में बांग्लादेश की ओर से आए अनुरोध की एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक के अपने देश लौटने और उसके लिए जरूरी यात्रा दस्तावेजों का सवाल प्रत्यर्पण के अनुरोध से अलग है।
भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर की जा रही हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एमईए प्रवक्ता ने कहा कि हिंसा की जो वारदातें हुई हैं, उन पर हम चिंता व्यक्त करते हैं और बांग्लादेश सरकार से अपेक्षा करते हैं कि इन मुद्दों की जांच होगी और इनके पीछे के लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
गौरतलब है कि हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना की घोषणा की है। यह वही दिन है जब बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर विजय का उत्सव मनाता है। उनके प्रवाक्ता ने बयान में बताया कि हसीना ने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। इस बयान पर ढाका ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा। उधर, अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को पूरे बांग्लादेश में पूर्ण लॉकडाउन का आह्वान किया है और सरकार के सामने आठ मांगें रखी हैं, जिनमें पार्टी से प्रतिबंध हटाना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और हसीना पर दर्ज मुकदमे वापस लेना शामिल है।
