दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर का महिला के साथ डांस करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विभाग में मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे इंस्पेक्टर की पहचान लाजपत नगर थाने में अतिरिक्त थाना प्रभारी (एटीओ) के पद पर तैनात अमित प्रकाश के रूप में हुई है। करीब 20 सेकेंड के इस वीडियो में वह सादे कपड़ों में एक महिला के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं, और उनके आसपास समारोह में शामिल अन्य लोग भी मौजूद हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह वीडियो रोहिणी में आयोजित एक जन्मदिन समारोह का है, जो इंस्पेक्टर अमित प्रकाश के एक दोस्त का बताया जा रहा है। समारोह के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। अधिकारियों ने इसका संज्ञान लेते हुए इंस्पेक्टर अमित प्रकाश को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया और उन्हें देर रात पुलिस लाइन में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए। उन्हें अगले आदेश तक पुलिस लाइन में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें लाइन हाजिर करने के पीछे क्या वजह रही और उनके खिलाफ आगे किस तरह की विभागीय कार्रवाई की जाएगी या नहीं।