सोनिया गांधी की नागरिकता से जुड़े विवाद में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की। पुलिस के अनुसार 1980 में सोनिया गांधी भारतीय नागरिक नहीं थीं, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज था। उन्हें 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी। पुलिस ने बताया कि इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट और गृह मंत्रालय से की गई है। अदालत ने जांच पूरी करने के लिए पुलिस को समय दिया है और मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी। कोर्ट ने तुगलक रोड थाने के एसएचओ को भी तलब किया है।

बता दें कि सितंबर में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मजिस्ट्रेट कोर्ट का एक साल पुराना फैसला पलट दिया था। 11 सितंबर 2025 को मजिस्ट्रेट ने सोनिया गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग खारिज की थी। यह याचिका एडवोकेट विकास त्रिपाठी ने दाखिल की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया गया था, जबकि उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल की थी। शिकायत के मुताबिक उनका नाम 1982 में मतदाता सूची से हटा दिया गया था और 1983 में दोबारा जोड़ा गया। आरोप है कि यह दोबारा दर्ज किया जाना भी 30 अप्रैल 1983 को नागरिकता हासिल करने से पहले हुआ था।

गौरतलब है कि भारतीय नागरिकता जन्म, वंश, पंजीकरण, या किसी क्षेत्र के भारत में शामिल होने के आधार पर मिल सकती है। जन्म से नागरिकता में जन्म की तारीख और माता-पिता की नागरिकता के आधार पर नियम लागू होते हैं। वंश से विदेश में जन्मे व्यक्ति को माता-पिता में से किसी एक के भारतीय नागरिक होने पर नागरिकता मिल सकती है। पंजीकरण के जरिए भारतीय मूल के लोग या भारतीय नागरिक से विवाह करने वाले पात्र विदेशी निर्धारित शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं।