उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को वाराणसी में काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और तमिलनाडु भारतीय संस्कृति की दो प्राचीन धाराएं हैं और दोनों ने सदियों से एक-दूसरे की परंपराओं और सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि भाषाएं अलग होने पर भी भाव और संस्कृति एक है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के लक्ष्य का आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में तेनकाशी यानी ‘दक्षिण की काशी’ दोनों क्षेत्रों के आत्मीय संबंध का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि गंगा की ज्ञान परंपरा जब काशी में तमिल की अमृत परंपरा से मिलती है तो राष्ट्र का चैतन्य जागृत होता है। उन्होंने ‘वडक्कम तमिलनाडु- वडक्कम काशी’ कहकर आगंतुकों का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह में उप राष्ट्रपति ने तिरुवल्लुवर के अनुवादित ग्रंथों का डिजिटल विमोचन भी किया। उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम योगी ने बताया कि 12 दिसंबर तक चलने वाले संगमम् के पांचवें संस्करण की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ यानी ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ है। उन्होंने कहा कि संत तिरुवल्लुवर के छंदों के तीन खंड अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इनबम (काम) भारत की सनातन परंपरा के मूल आधार हैं।
सीएम ने कहा कि इस वर्ष 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक संस्थान से एक-एक विद्यार्थी तिरुक्कुरल का अध्ययन, शोध और शैक्षणिक प्रस्तुति देंगे। तमिलनाडु के लगभग 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे, जबकि तमिलनाडु से आकर लगभग 1400 अतिथि काशी, प्रयागराज और अयोध्या का दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि काशी का केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट तमिल संस्कृति के जीवंत केंद्र हैं, जिन्हें काशी की मिनी तमिलनाडु भी कहा जाता है।
