लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को 10 दिवसीय राज्य स्तरीय 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का उद्घाटन खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की निःशुल्क टूल किट वितरण योजना के तहत लाभार्थियों को दोना-पत्तल मेकिंग मशीन, पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन समेत अन्य किट वितरित की गईं। मधुमक्खी पालन के लिए हनी बॉक्स टूल किट का प्रमाणपत्र भी दिया गया।
लखनऊ के माल निवासी मोहित को दोना-पत्तल की किट मिली है। उन्होंने बताया कि अब तक वह खेती-किसानी से परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और एक महिला अधिकारी से योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया था। ग्रेजुएशन तक पढ़ाई कर चुके मोहित अब इस मशीन से अपना कारोबार शुरू करेंगे। इसी तरह बीकेटी निवासी अंजलि गौतम ने कहा कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनका व्यवसाय शुरू करने का सपना पूरा नहीं हो पा रहा था, अब मशीन मिलने से उन्हें यह अवसर मिल गया है।
नगराम निवासी गुलशन कुमार को पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन मिली है। उन्होंने बताया कि अब तक वह दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे और आर्थिक तंगी के कारण हाईस्कूल तक ही पढ़ाई कर सके थे। अब वह अपना काम शुरू करेंगे और आमदनी से अपनी दोनों बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाएंगे। बीकेटी निवासी लक्ष्मी को भी पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन मिली है, जिससे वह मजदूरी के बजाय अपना कारोबार शुरू कर सकेंगी।
गोसाईंगंज निवासी शुभम और प्रिंस को मधुमक्खी पालन के लिए हनी बॉक्स टूल किट का प्रमाणपत्र मिला है। शुभम ने बताया कि किट जल्द ही उपलब्ध हो जाएगी और अब तक बेरोजगार रहने के बाद मधुमक्खी पालन से रोजगार शुरू करने का अवसर मिला है। प्रिंस ने बताया कि गांव में मधुमक्खी पालन से जुड़े लोगों से उन्हें योजना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने आवेदन किया। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला है।
