जनकपुर धाम से अयोध्या के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया। जनकपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन दोपहर 1:10 बजे रवाना हुई। इससे पहले सशस्त्र बल एपीएफ, नेपाल प्रहरी और रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। टीटीई ने यात्रियों के टिकट और पहचान पत्र की जांच के बाद उन्हें ट्रेन में प्रवेश दिया। नेपाल एपीएफ के सुरक्षा घेरे में ट्रेन दोपहर 2:10 बजे जयनगर के नेपाली रेलवे स्टेशन पहुंची।
यहां कस्टम विभाग, आरपीएफ, आरपीएसएफ, जीआरपी और एसएसबी के स्वान दस्ते ने यात्रियों के सामान की मेटल डिटेक्टर से जांच की। इसके बाद नेपाल एपीएफ ने सुरक्षा की जिम्मेदारी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दी। कस्टम अधीक्षक जयनगर सतीश कुमार, कुमार भवेश, सीतामढ़ी, पिपरौन और दरभंगा के अधीक्षकों तथा आरपीएफ के सहायक कमांडेंट राकेश कुमार सिंह, आरपीएसएफ इंस्पेक्टर कविन्द्र कुमार सिंह, पुखराज मीना, आरपीएफ प्रभारी वशिष्ठ कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने जवानों के साथ ट्रेन के सभी डिब्बों की जांच की। इसके बाद ट्रेन दोपहर 3:10 बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई। आरपीएसएफ और जीआरपी के जवान सुरक्षा में ट्रेन के साथ तैनात रहे।
पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के जयनगर बेस के सीटीटीआई अर्जुन राउत के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन टीटीई ट्रेन को जनकपुर से जयनगर तक लेकर आए। टीटीई सूत्रों के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों में जनकपुर से 297 यात्रियों ने टिकट लिया, जबकि जयनगर से 15 यात्रियों ने अयोध्या तक का टिकट लेकर सफर किया।
ट्रेन के स्लीपर डिब्बे एस-4 में सीट नंबर 77 पर जनकपुर से अयोध्या जा रहीं जनकपुर वार्ड नंबर 19 निवासी 35 वर्षीय साजों देवी को जयनगर में डिब्बे की जांच के दौरान स्वान दस्ते के कुत्ते ने काट लिया। उन्हें मामूली चोट आई। रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार कराया। कागजी कार्रवाई में कोकण रेलवे के डीजीएम भीबी मिश्रा, सीडीओ सुधांशु कुमार, स्टेशन अधीक्षक राज कुमार राय, सीडब्ल्यूएस आशुतोष कुमार और सीटीटीआई अर्जुन राउत समेत अन्य रेलवे अधिकारियों ने सहयोग किया।
