चेन्नई: तमिलनाडु में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपाथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित किया गया। पहाड़ी पर शाम पांच बजे दीपम जलाया गया। यह प्रक्रिया रिटायर्ड हाई कोर्ट जज जस्टिस एस वैद्यनाथन और जस्टिस वी पार्थिबन की मौजूदगी में पूरी हुई। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीप प्रज्ज्वलित न किए जाने पर कड़ा रुख अपनाया था। इसके बाद शीर्ष अदालत ने दो रिटायर्ड जजों को मंदिर का प्रशासन संभालने के लिए नियुक्त किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना की थी। एक्स पर उन्होंने भगवान मुरुगन की जय लिखा था। जलते हुए दीपम को देखने के लिए मदुरै में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोगों ने खुशी में पटाखे भी फोड़े थे। इससे पहले जब सीआरपीएफ के जवान दीपम जलवाने के लिए पहुंचे थे, तो उन पर फूल बरसाए गए थे।
थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपाथून (पत्थर के स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित होने पर लोगों ने जश्न मनाया। इस मौके पर कुछ लोग भावुक हो गए। महिलाओं ने फूल बरसाए। एक महिला भावुक हो गईं और दीप प्रज्ज्वलित होने पर हाथ जोड़कर भगवान मुरुगन का अभिवादन किया।
