सोनीपत के राजकीय माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में कुशल बिजनेस चैलेंज (KBC 3.0) कार्यक्रम तीन दिन आयोजित किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समग्र शिक्षा के जिला परियोजना संयोजक (डीपीसी) कार्यालय ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और खंड संसाधन समन्वयकों (बीआरसी) को पत्र जारी कर सभी निर्धारित प्रक्रियाएं अनिवार्य रूप से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

सभी विद्यालय मुखियाओं को कक्षा नौवीं से 12वीं तक की समय-सारणी में सप्ताह के तीन दिन KBC 3.0 की कक्षाओं के लिए निर्धारित करने होंगे और तय समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा करवाना सुनिश्चित करना होगा। संबंधित कक्षाओं के प्रत्येक अध्यापक और विद्यार्थी के पास मुद्रित पाठ्य सामग्री या पुस्तकें होना अनिवार्य किया गया है। पीएम श्री विद्यालयों के लिए बजट निदेशालय द्वारा जारी किया जा चुका है, जबकि अन्य विद्यालयों को खंड स्तर के निर्देशानुसार पुस्तकों का मुद्रण करवाना होगा, जिसके बिलों का भुगतान बाद में प्रतिपूर्ति (रीइंबर्समेंट) के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत कक्षा नौवीं से 12वीं तक के सभी पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण करवाना अनिवार्य है, ताकि कोई भी छात्र इससे वंचित न रहे। कक्षा नौवीं और 10वीं के संबंधित अध्यापकों को नियमित रूप से कक्षाओं की लेसन कंप्लीशन रिपोर्ट (एलसीआर) KBC पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की टीमें गठित कर उनके बिजनेस आइडिया भी तय समय के भीतर पोर्टल पर सबमिट करवाने की जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों को सौंपी गई है।

जिला परियोजना संयोजक ने सभी क्लस्टर हेड और एबीआरसी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले विद्यालयों में इन सभी गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करवाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। डीपीसी कृष्णा खत्री ने कहा कि KBC 3.0 विद्यार्थियों में उद्यमिता और व्यावसायिक कौशल विकसित करने की महत्वाकांक्षी पहल है। इस कार्य की नियमित मानिटरिंग की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।