दिल्ली में मतदाता सूची अपडेट करने के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को उन मतदाताओं को खोजने में परेशानी हो रही है, जो पुराना घर छोड़कर कहीं और जा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या किरायेदारों की है, जिनका नया पता और फोन नंबर नहीं मिल पा रहा है। मसौदा सूची से हटाए गए करीब 47.5 लाख लोगों को दोबारा जोड़ने की कोशिश की जा रही है और बीएलओ के सामने 30 नवंबर तक फॉर्म पहुंचाने और भरे हुए फॉर्म वापस लेने की चुनौती है।
बाबरपुर की एक अनधिकृत कॉलोनी में तैनात बीएलओ के मुताबिक, उनके मतदान केंद्र की सूची में करीब 300 ऐसे मतदाता हैं, जिनमें ज्यादातर किरायेदार हैं और मकान खाली कर जा चुके हैं। मकान मालिक भी उनके नए पते की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं और कई लोग यह लिखकर देने को तैयार नहीं हैं कि किरायेदार मकान छोड़ चुके हैं। एक अन्य बीएलओ ने बताया कि कई मतदाताओं के फोन नंबर गलत हैं या बंद आ रहे हैं, और कुछ लोग फोन उठाने के बाद भी जानकारी देने में रुचि नहीं दिखाते। बीएलओ को हर पते पर तीन बार जाने के निर्देश हैं, लेकिन मतदाता नहीं मिल रहे, जिससे फॉर्म बांटना और लक्ष्य पूरा करना मुश्किल हो रहा है। शाहीन बाग के एक बीएलओ ने बताया कि उनकी सूची में करीब 400 से 500 मतदाता हैं। शुरुआत में सभी से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन कई लोगों ने जवाब नहीं दिया। उन्हें सोमवार को फॉर्म मिले और मंगलवार से वितरण शुरू करना है।
चुनाव कार्यालय के निर्देशानुसार, दिल्ली में ही दूसरी जगह रहने लगे मतदाताओं को भरा हुआ गणना फॉर्म और नए पते की जानकारी वाला परिशिष्ट-सी जमा करना होगा। इसमें नया पता और विधानसभा क्षेत्र बताना जरूरी है। दस्तावेज उस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता पंजीकरण अधिकारी या सहायक अधिकारी को देने होंगे, जहां मतदाता अब रह रहा है। नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी मदद ली जा सकती है। चुनाव कार्यालय के मुताबिक, बीएलओ फॉर्म पहुंचाने के लिए घर जा सकते हैं। फोन नंबर उपलब्ध होने पर वाट्सएप और एसएमएस से भी फॉर्म भेजे जा सकते हैं। मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट या ईसीआईनेट एप से भी फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पहले वाला मतदाता पहचान पत्र नंबर इस्तेमाल करना होगा।
फॉर्म बांटने और भरे हुए फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है। 10 दिसंबर तक आवेदनों की जांच और निपटारा होगा। दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होनी है।
