वाराणसी में देव दीपावली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों, सरोवर तटों और देवालयों को सजाया गया है और दीपदान के लिए दीया-बाती की व्यवस्था की गई है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि पौराणिक कथा के अनुसार देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने पृथ्वी को रथ, सूर्य-चंद्र को पहिये, वेदों को अश्व, ब्रह्मा को सारथि और मेरु पर्वत को धनुष बनाकर पाशुपतास्त्र से तारकासुर के तीन पुत्रों विद्युन्माली, तारकाक्ष और कमलाक्ष के पुरों को भस्म कर दिया था। अधर्म के अंत और धर्म की पुनर्स्थापना के हर्ष में देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, व्रत, दान और श्रीहरि की आराधना से चतुर्दिक पुण्य की प्राप्ति होती है। शास्त्रों में इस दिन गो, घृत, अन्न और दीपदान को फलदायी तथा स्थिर लक्ष्मी प्रदान करने वाला बताया गया है। आज शाम सवा पांच से शाम पौने छह बजे के बीच घाटों से लेकर गंगा पार के रेतीले तट तक एक साथ 21 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित होंगे। इनमें 11 लाख दीप शासन की ओर से जबकि 10 लाख दीये विभिन्न समितियों और काशीवासियों की ओर से जलाए जाएंगे।

जो लोग किसी कारण गंगा घाट जाकर दीपदान नहीं कर पा रहे हैं, वे घर पर पूजा-अर्चना करके और अलग-अलग स्थानों पर दीपक जलाकर पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। इस दिन मुख्य रूप से प्रदोष काल में दीपदान करना फलदायी माना जाता है।