धनबाद में चक्रवात के कमजोर पड़ने से बारिश का असर घट गया है। रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही और कहीं-कहीं बारिश भी हुई। सोमवार को सुबह कोहरा छाने के बाद आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और दक्षिणी भागों में वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा। बादल छंटते ही तापमान में गिरावट शुरू होगी और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री से खिसककर 13-14 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि वीकेंड से मौसम में फिर बदलाव के संकेत हैं, जिससे तापमान बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक क्षोभमंडल के निचले स्तर में बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश तक गर्त बना हुआ है, जबकि उत्तर पूर्वी असम और आसपास चक्रवाती घेरा सक्रिय है। मानसून जानकार डॉ. एसपी यादव के अनुसार बंगाल की खाड़ी का पानी अधिक गर्म होने से चक्रवात अधिक आए हैं और आगामी सप्ताह फिर संभावना बन सकती है, हालांकि धनबाद या राज्य के अन्य हिस्सों पर इसका प्रभाव फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद वीकेंड से फिर बादलों की आवाजाही शुरू होने के आसार हैं। दिसंबर के पहले सप्ताह में बादल छाए रह सकते हैं और मौसम साफ होते ही कड़ाके की ठंड दस्तक दे सकती है। अमूमन 15 नवंबर से तेज ठंड का दौर शुरू होता है, लेकिन इस बार लगातार तीन चक्रवातों के कारण समुद्री गर्म हवाओं के घुलने से तेज ठंड नहीं पड़ी है। इस सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड बढ़ेगी, पर कड़ाके की सर्दी का दौर दिसंबर से शुरू होने की संभावना है।
