दिव्यांग पेंशन के आवेदन के लिए अब ग्राम पंचायत के प्रस्ताव की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि दिव्यांगों की समस्याओं को देखते हुए शासन को लिखा गया था, जिसके बाद यह अनिवार्यता हटाई गई। अब दिव्यांग पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसके बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय से सत्यापन होकर डीएम के माध्यम से शासन को पेंशन के लिए भेजा जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में मात्र एक सप्ताह का समय लगेगा, जबकि पहले चार से पांच माह में भी आवेदन आगे नहीं बढ़ पाता था।

दिव्यांगजन ग्राम पंचायत स्तर पर बने जनसेवा केंद्र या अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद आवेदक को कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। विभाग की साइट पर आवेदन पहुंचने के बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ऑनलाइन ही दिव्यांगता और आय प्रमाण पत्र का सत्यापन करेंगे। सही पाए जाने पर आवेदन डीएम के पास भेजा जाएगा और वहां से संस्तुति मिलने के बाद शासन को पेंशन स्वीकृति के लिए संस्तुति कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया आठ से 10 दिन के अंदर पूरी कर आवेदन भेजा जाता है।

भारतीय दिव्यांग संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी गोला ने इसे स्वागत योग्य पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे दिव्यांगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवेदन के बाद लगने वाला चार से पांच माह का समय भी नहीं लगेगा, जिससे पात्र दिव्यांगों को समय पर लाभ मिल सकेगा। फिलहाल जिले में 20 हजार से अधिक दिव्यांगों को पेंशन मिल रही है।