मुंबई के डोंबिवली में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के फ्लैट के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। परिवार की सतर्कता से आग घर के अंदर फैलने से पहले ही बुझा दी गई और कोई हताहत नहीं हुआ। मानपाड़ा पुलिस ने आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती डोंबिवली के एक पॉश इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती है। युवती और आरोपी दीपेश रस्तोगी के बीच करीब सात से आठ साल से रिश्ता था। बीते कुछ समय से दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए थे, जिसके बाद युवती ने यह रिश्ता खत्म करने का फैसला किया और दीपेश को इस बारे में साफ बता दिया था।
पुलिस को शक है कि दीपेश इस ब्रेकअप को बर्दाश्त नहीं कर पाया। गुस्से में आकर उसने गुरुवार को युवती के फ्लैट के एंट्रेंस गेट पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। अचानक लगी आग से घर के अंदर मौजूद युवती और उसके माता-पिता में दहशत फैल गई, लेकिन परिवार ने घबराने के बजाय तुरंत सूझबूझ दिखाई और आग को घर के अंदर फैलने से पहले ही काबू में कर लिया। इस घटना में युवती और उसके माता-पिता पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस वारदात के बाद यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाना चाहता था।
मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपन शिंदे ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट ने उसे 24 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
